गोंडा। ग्राम पंचायत सचिवालयों में पंचायत सहायकों की नियमित उपस्थिति की निगरानी में जिले के नौ विकासखंड फेल मिले हैं। मामले में उपनिदेशक पंचायत योगेंद्र कटियार ने संबंधित नौ एडीओ पंचायत को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है।
सात अक्तूबर को यूपीपीआरडी पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति की समीक्षा में मनकापुर में 38.04, तरबगंज में 33.33 और नवाबगंज में 33.80 फीसदी पंचायत सहायक उपस्थित मिले। वहीं झंझरी में 45.05, करनैलगंज में 42.03, परसपुर में 46.67, पंडरी कृपाल में 47.37, वजीरगंज में 48 और इटियाथोक में 49.41 फीसदी उपस्थिति रही।
उपनिदेशक पंचायत ने नोटिस में कहा है कि पंचायत सहायकों की उपस्थिति की निदेशालय और मंडल स्तर से लगातार समीक्षा की जा रही है। इसके बावजूद नौ विकासखंडों में आधे से अधिक पंचायत सहायकों की गैरहाजिरी निगरानी व्यवस्था में शिथिलता को दर्शाती है। संबंधित एडीओ पंचायत को पंचायत सहायकों की प्रतिदिन उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज कराने और व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। तीन दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की चेतावनी दी गई है। जिला परियोजना प्रबंधक को भी विकासखंडवार दैनिक प्रगति की निगरानी कर रिपोर्ट साझा करने को कहा गया है।