तरबगंज (गोंडा)। तरबगंज के गिरधरपुर नागनाथ पुरवा में रविवार रात नवविवाहिता सरिता (20) को जहरीले सांप ने डस लिया। अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने सरिता को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, गत सात फरवरी को ही सरिता की शादी गिरधरपुर नागनाथ पुरवा निवासी सुरेश से हुई थी। दो माह पहले सुरेश मजदूरी करने पुणे चले गए थे। सरिता ससुराल में ही थीं। रविवार रात सरिता अपने ससुर व सास को भोजन परोसने के बाद कमरे में बिस्तर ठीक करने लगीं। तभी जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। परिजन सरिता को लेकर निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे। जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने सरिता को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल केके त्रिपाठी ने बताया कि सर्पदंश से विवाहिता की मौत की सूचना पर छानबीन की गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पंचनामा भरकर जरूरी कार्रवाई की गई है।
कमरे से पकड़कर जंगल में छोड़ा गया सांप
सरिता की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। खबर पाकर पति सुरेश पुणे से गांव के लिए निकल पड़े हैं। सरिता के ससुर सुग्गीलाल, सास शीला देवी, ननद मीरा व नीरज और देवर रमेश के साथ ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार को सरिता के कमरे से सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया गया।
अस्पतालों में है सभी जरूरी व्यवस्था
तरबगंज सीएचसी के अधीक्षक डॉ. नवनीत गौरव सिंह ने बताया कि बारिश के दिनों में जहरीले जंतुओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में एंटी वेनम वैक्सीन की व्यवस्था की गई है। अगर कोई दुर्घटना होती है तो इधर-उधर भटकने के बजाय तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचें। बारिश के दिनों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।