गोंडा। सरदार वल्लभभाई पटेल राजकीय पॉलीटेक्निक में बृहस्पतिवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें संस्थान की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अनुशासनात्मक व्यवस्था से परिचित कराया गया।
ओरिएंटेशन के दौरान सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को संस्थान की नियमावली, परीक्षा प्रणाली, पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, डिजिटल संसाधनों और शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही तकनीकी शिक्षा के महत्व और संस्थान की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।
प्रधानाचार्य बृजेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन का पालन करते हुए नियमित अध्ययन और तकनीकी दक्षता विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में राकेश कुमार, ओपी चौधरी, पुनीत पांडेय, अनुराग रावत, सविता, अभय यादव, अभिषेक तिवारी, राहुल यादव, राकेश गुप्ता, भारतेंदु मौर्य सहित संस्थान के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।