नवाबगंज। रीवा स्थित जंगबहादुर लाल बनवारी लाल इंटर कॉलेज में मंगलवार को युवा कल्याण विभाग की ओर से विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया गया। इसमें जूनियर तथा सब-जूनियर बालक–बालिका वर्ग के सैकड़ों खिलाड़ी शामिल हुए। जूनियर बालक कबड्डी में नवाबगंज की टीम विजेता तथा साकीपुर की टीम उपविजेता रही। सब-जूनियर बालक वर्ग में मनकापुर की टीम ने खिताब जीता और जंगबहादुर लाल इंटर कॉलेज की टीम उपविजेता रही।
100 मीटर जूनियर बालिका वर्ग दौड़ में सपना प्रथम, काजल द्वितीय और अंशिका तृतीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में अजीत प्रथम, नीरज द्वितीय और अंकित तृतीय स्थान पर रहे। सब-जूनियर बालिका वर्ग में ज्योति भारती प्रथम, ज्योति यादव द्वितीय और शिवानी तृतीय स्थान पर रहीं। सब-जूनियर बालक वर्ग में अभिषेक प्रथम, संदीप द्वितीय और लक्की तृतीय स्थान पर रहे।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक रमापति शास्त्री ने खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव ने विधायक का स्वागत किया। व्यवस्थापक अभिषेक श्रीवास्तव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किया। कमलेश पांडेय, वेदप्रकाश दूबे, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी प्रिया यादव, सन्नो यादव, बलराम निषाद, अयोध्या शुक्ल सहित अन्य मौजूद रहे।