गोंडा। जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय की 80 सीटों पर कक्षा छह में प्रवेश के लिए 18 जनवरी को प्रवेश परीक्षा होगी। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में बृहस्पतिवार को बैठक कर रणनीति बनाई गई। जिले के सभी 16 ब्लॉकों के लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां 4,529 छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा देंगे।
जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुमेधा पांडेय ने बताया कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए 18 जनवरी को पूर्वाह्न 11:30 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक परीक्षा कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि प्रवेश परीक्षा कराने के लिए सभी केंद्राध्यक्ष के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर जवाहर नवोदय विद्यालय के पर्यवेक्षक मौजूद रहेंगे। सुबह 10:45 बजे से अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू होगा। प्रवेश पत्र व आईडी के साथ विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। बीएसए अतुल तिवारी ने सभी बीईओ को सुचारू रूप से परीक्षा कराने के लिए जरूरी निर्देश दिए हैं। इस दौरान जीआईजी के प्रधानाचार्य शैलेश पटेल समेत सभी केंद्राध्यक्ष मौजूद रहे। (संवाद)