नवाबगंज। कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने अयोध्या के हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने के दावों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी में कभी नमाज नहीं पढ़ी गई। साथ ही दावा किया कि हनुमानगढ़ी का निर्माण एक मुस्लिम व्यक्ति ने कराया था, जिसका उल्लेख वहां लगे शिलालेख में भी है।
शुक्रवार को गोंडा के नंदिनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह ने पत्रकारों से कहा कि वह बचपन से ही हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने की बात तथ्यात्मक रूप से गलत है। कहा कि निर्माण कराने वाले मुस्लिम व्यक्ति का नाम उन्हें इस समय याद नहीं है।
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि इस घटना से न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई संबंध है और न ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा प्रधानमंत्री को जिम्मेदार ठहराए जाने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। कहा कि जांच हो रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।