बलरामपुर। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन ने अभियान चलाने का फैसला किया है। 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय पर 10 किलोमीटर और तहसील स्तर पर पांच किमी लंबी की मानव शृंखला बनाई जाएगी। इसको लेकर तैयारी शुरू हो गई हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. महेंद्र कुमार ने इसकी तैयारी का जायजा लिया।
सभी एसडीएम को मानव शृंखला के लिए रूट का मैप तैयार करने, रूट को सेक्टर में बांटकर सेक्टर प्रभारी बनाने को कहा गया है। जोनल प्रभारी अलग से मानीटरिंग के लिए लगाए जाएंगे।
मानव शृंखला में स्कूली छात्रों की सहभागिता को लेकर डीआईओएस गोविंद राम को स्कूलों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करने की जिम्मेदारी दी गई है। चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। नगर पालिका को सड़क की साफ सफाई व किनारों पर चूने की पट्टी बनाने को कहा गया है।
बैठक में सीडीओ संजीव कुमार मौर्या, एडीएम प्रदीप कुमार, एआरटीओ अरविंद कुमार यादव, एसडीएम तुलसीपुर मंगलेश दुबे, एसडीएम सदर राजेंद्र बहादुर, एसडीएम उतरौला संतोष कुमार ओझा मौजूद थे।