पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहवसल्लम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किये जाने से नाराज मुस्लिम समाज के लोगों ने शहर में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। मुस्लिम संगठन के लोगों ने जुुलूस निकालकर प्रदर्शन कर दोषी को फांसी देने की मांग कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
नगर के मोहल्ला इमामबाड़ा स्थित फैजाबाद रोड छावनी मस्जिद के पास हुसैनी मीनाई वेलफेयर सोसाइटी गोंडा की ओर से पैगंबर पर टिप्पणी किये जाने को लेकर विरोध सभा का आयोजन हुआ।
मीनाईया के सदर बाबा महबूब मीना शाह की सरपरस्ती में जुमे की नमाज के बाद अलग-अलग मोहल्ले से मुस्लिम संगठन के लोगों के साथ समाज के तमाम लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
इस मौके पर हिंदू महासभा के कमलेश तिवारी की ओर से पैगंबर मोहम्मद साहब पर की गई अभद्र टिप्पणी की लोगों ने निंदा कर दोषी के खिलाफ नारेबाजी की।
विरोध सभा में ईदगाह के इमाम मौलाना मुजक्किर हुसैन ने कहा कि पैगंबर की शान में की गई गुस्ताखी को मुसलमान कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
मीनाईया के नायब सदर हसन सईद मीनाई ने कहा कि पैगंबर की शान में गुस्ताखी करने वाले के लिए मौजूदा कानून में जो सजा की व्यवस्था है, वह कम है।
सरकार को चाहिए कि वह इसके लिए कड़ा कानून बनाए, ताकि कोई किसी धर्म के खिलाफ गुस्ताखी न कर सके।
इसके अलावा शहर के मोहल्ला रानी बाजार, घोसियाना, मेवातियान, नौशहरा, मोहल्ला कटहरिया, इमामबाड़ा से कई संगठनों ने हाथ में तख्ती लेकर विरोध जलूस निकाला।
इसके बाद मुस्लिम संगठन के लोगों की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित नगर मजिस्ट्रेट अरुण शुक्ल को ज्ञापन सौंपा गया। उधर, इसी मुद्दे को लेकर फैजाबाद रोड पर मुस्लिम मुसाफिरखाने के पास बारादरी में एक विरोध सभा हुई।
पैगंबर की शान में गुस्ताखी किये जाने को लेकर आयोजित विरोध प्रदर्शन को लेकर चौकबाजार व फैजाबाद रोड पर मुस्लिमों ने अपनी दुकानें बंद रखीं। सुबह से ही रोड पर सन्नाटा रहा।
वहीं, शहर के अलग-अलग मोहल्ले की मस्जिदों में जुमे की नमाज पढ़ने के बाद लोग जुलूस की शक्ल में फैजाबाद रोड स्थित विरोध प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने लगे। दोपहर नमाज के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन शाम 3.30 बजे तक चला।
गोंडा। जुलूस के समापन के बाद नगर के मोहल्ला राधाकुंड में कुछ शरारती तत्वों ने एक संदूक की दुकान में तोड़फोड़ की, वहीं बगल की एक दुकान के कुछ बिस्किट व टाफी के डिब्बे फेंक दिए। इसकी जानकारी पाकर पुुलिस पहुंची, लेकिन इससे पहले ही अराजकतत्व भाग निकले।