गोंडा। धनौली गांव में शुक्रवार को शादी में गये युवक की लोहे के रॉड से हमला करके हत्या कर दी गई। हत्यारे गांव के बाहर आम के बगीचे में शव छिपाकर भाग गये। मृतक के पिता ने नगर कोतवाली में गांव के ही तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के धनौली निवासी जगतराम ने बताया कि उनका बेटा श्यामलाल (20) शुक्रवार को गांव में ही शादी में गया था। देर रात तक जब श्यामलाल घर नहीं लौटा तो जगतराम उसकी तलाश में शादी समारोह में पहुंचे। जहां श्यामलाल गांव के ही अपने दोस्त ननकू, राहुल कुमार व बाबे के साथ डीजे पर डांस कर रहा था। बेटे से जल्द लौटने की बात कहकर जगतराम घर आकर सो गये। शनिवार सुबह सोकर उठे तो पता चला कि श्यामलाल घर नहीं लौटा। बेटे की तलाश शुरू की तो गांव के बाहर आम के बगीचे में उसका शव पड़ा मिला।
जगतराम का आरोप है कि ननकू, राहुल कुुुमार व बाबे ने लोहे के रॉड व डंडे से हमला करके श्यामलाल की हत्या करके शव गांव के बाहर बगीचे मेें छिपाया है। वारदात के बाद से तीनों फरार हैं। हत्या की सूचना मिलते ही सीओ सदर लक्ष्मीकांत गौतम, नगर कोतवाल पंकज सिंह, चौकी प्रभारी सोनी गुमटी राकेश ओझा समेत एसओजी मौके पर पहुंची।
पुलिस ने ग्रामीणों से पूरे मामले की जानकारी करके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में जगतराम ने नगर कोतवाली में ननकू, राहुल कुमार व बाबे के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने एक आरोपी को उठाया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। सीओ ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।