परसपुर(गोंडा)। नरायनपुर ललक गांव निवासी नशे में धुत युवक ने बुधवार देर शाम मां से शराब के लिए रुपये मांगे। मां ने इनकार कर दिया तो वह घर में रखा गेहूं बोरी में भरकर बेचने जाने लगा। मां ने रोका तो बेटे ने लाठी से पीट-पीटकर उसे मार डाला और फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में युवक के खिलाफ थाना परसपुर में गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना परसपुर क्षेत्र के नरायनपुर ललक गांव निवासी कृष्णदेव शुक्ला ने थाना परसपुर में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उसका छोटा भाई संजय शुक्ला पुराने मकान सरैयां के मजरे दक्षिण पुरवा में रहता था। उसकी मां रामसंवारी (70) भी उसके साथ रहती थी। बुधवार देर शाम वह शराब के नशे में घर पहुंचा। कृष्णदेव शुक्ला के मुताबिक, संजय और शराब पीने के लिए मां रामसंवारी से रुपये मांग रहा था। जब उन्होंने रुपये देने से इंकार कर दिया तो वह घर में रखे गेहूं को बोरी में भरकर बेचने के लिए ले जाने लगा।
मां ने गेहूं ले जाने से रोका तो वह मां से भिड़ गया और नशे की हालत में लाठी से पीटने लगा। संजय के गुस्से को देखकर गांव के लोग उससे मां को छुड़ाने की हिम्मत नहीं जुटा सके और संजय ने मां को पीट-पीटकर मार डाला और फरार हो गया। रामसंवारी के बड़े बेटे कृष्णदेव शुक्ला ने थाना परसपुर में अपने छोटे भाई संजय शुक्ला के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक थाना परसपुर सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया कि अभियुक्त संजय की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।