खोड़ारे (गोंडा)। केशव नगर ग्रांट के मजरा ज्योतिया के रहने वाले सुरेंद्र वर्मा की गला काटकर हत्या करने वाला उसका मौसेरा भाई निकला। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार करके उसकी बाइक छपिया रेलवे स्टेशन के पास से बरामद की है।
थाना खोड़ारे क्षेत्र के केशव नगर ग्रांट के मजरा ज्योतिया के रहने वाले सुरेंद वर्मा की 19 फरवरी की देर रात उस समय कुदाल से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। जब सुरेंद्र केशनगर ग्रांट के मजरा बलुआ के पास खेत की रखवाली के लिए वहां बने अपने मकान में सोने गया था। मामले में सुरेंद्र के पिता रामपाल वर्मा ने थाना खोड़ारे में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एएसपी महेन्द्र कुमार ने बताया कि हत्या के खुलासे में टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लिया गया। सुरेंद्र के मोबाइल के सीडीआर के आधार पर चांदा बुजुर्ग गांव निवासी सुरेंद्र के मौसेरे भाई शिवमूरत वर्मा उर्फ बबलू वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी ने बताया कि सुरेंद्र की बाइक छपिया रेलवे स्टेशन के पास से बरामद हुई। पूछताछ में शिव मूरत उर्फ बबलू ने बताया कि उसका सुरेंद्र से विवाद हो गया था। इसी को लेकर उसने सुरेंद्र की कुदाल से गला काटकर हत्या कर दी और मोबाइल व बाइक लेकर फरार हो गया था।