फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: आज से मंदिरों व घरों में गूंजेंगे माता के जयकारे

Sat, 14 Oct 2023 11:17 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। शारदीय नवरात्र आज से शुरू हो रहा है। घरों से लेकर मंदिरों व दुर्गापूजा पंडालों में तैयारियां पूरी हो गईं हैं। मां दुर्गा की प्रतिमाएं घरों व पंडालों में विराजमान हो जाएंगी। नवरात्र के पहले दिन रविवार को मां के शैलपुत्री रूप की पूजा होगी। घरों से लेकर मंदिरों तक माता के जयकारे गूंजेंगे।
विज्ञापन

हिंदू पंचांग के अनुसार साल में चार बार नवरात्र का पर्व आता है। जिसमें चैत्र व शारदीय नवरात्र के अलावा दो गुप्त नवरात्र शामिल हैं। चैत्र व शारदीय नवरात्र को प्रकाट्य नवरात्र कहा गया है क्योंकि इसमें सभी भक्त व्रत रह सकते हैं। आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि के साथ शारदीय नवरात्र आरंभ हो जाता है, जो दशमी तिथि को समाप्त होता है।
आचार्य वीरेंद्र मिश्र ने बताया कि शारदीय नवरात्र में कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त रविवार सुबह 11 बजकर 44 मिनट से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। नवरात्र में नौ दिन तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधिवत पूजा करने का विधान है। उधर, शनिवार को पूरे दिन लोग मां दुर्गा की प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए ले जाते रहे। ढोल नगाड़े की धुन पर जय माता दी के जयकारे गूंजते रहे।
विज्ञापन

डीएम नेहा शर्मा व एसपी अंकित मित्तल ने शनिवार को शहर के पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इसके साथ खैरा भवानी मंदिर परिसर स्थित पोखरे का जायजा लिया। डीएम ने पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन कराने, यातायात व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम व सीओ को भ्रमणशील रहने के भी निर्देश दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शारदीय नवरात्र को लेकर बाजारों में काफी रौनक है। चारों तरफ मां की लाल चुनरी व नारियल की दुकानें सजी हैं। जगह-जगह लोगों ने कलश व दीया की भी अस्थाई दुकान लगाई है। इसके अलावा फल के बाजार ने भी उड़ान भरी है। घर पर रखने वाली प्लास्टर ऑफ पेरिस की मां दुर्गा की प्रतिमाएं बाजारों में खूब बिक रही हैं। इसकी कीमत 60 रुपये से लेकर 500 रुपये तक है। चुनरी व नारियल की कीमत 40 रुपये है।
शनि अमावस्या का शनिदेव के लिए बहुत महत्व है। शनिवार को शनि अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने स्नान करके दान-पुण्य किया। शनिदेव की पूजा-अर्चना की गई। लोगों का मानना है कि शनिदेव की पूजा से घर व परिवार में समृद्धि आती है।
शनिवार रात लगने वाले सूर्य ग्रहण का असर भारत में नहीं दिखा। कारण शाम को 05.40 बजे सूर्यास्त हो गया। ऐसे में सूर्यदेव पर लगने वाले ग्रहण का कोई असर यहां देखने को नहीं मिला। हालांकि, रात 08:24 बजे से 02:25 बजे तक सूर्य ग्रहण की बात ज्योतिष के जानकार बता रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें