घर के पीछे टैंक से शव मिलने के बाद पुलिस ने किया खुलासा
बेटी को टैंक में फेंककर जंगली जानवर के उठा ले जाने मचाया था शोर
संवाद न्यूज एजेंसी
पसका/गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र के अभईपुर मेहरबान पुरवा में टैंक में डूब कर हुई दुधमुंही बच्ची की मौत का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। आठ माह की दुधमुंही शगुन का कातिल कोई और नहीं उसको जन्म देने वाली मां ही निकली। श्वसुर सीताराम की तहरीर के बाद पुलिस पोती की हत्या के आरोप में जगमति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बीते शनिवार की रात करीब 11:30 बजे मासूम गुम हो गई थी। उसकी मां जगमती ने सास को बताया कि कोई जंगली जानवर बच्ची को उठा ले गया है। इसके बाद रविवार को वन विभाग व पुलिस की टीम खेतों से लेकर पेड़ों तक बच्ची की तलाश में जुटी रही लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद सोमवार को एसपी विनीत जायसवाल ने मासूम की तलाश में एसओजी को भी जुटा दिया। शाम को घर के पीछे बने टैंक से पानी निकाला गया तो बच्ची का शव बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि मंगलवार को हुए पोस्टमार्टम के बाद बच्ची की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है। उसके शरीर पर किसी भी तरह की खरोंच या चोट के निशान नहीं मिले। बच्ची को टैंक में जानबूझ कर फेंका गया था। रात में बच्ची के साथ सिर्फ उसकी मां ही थी। पूछताछ करने पर पुलिस को मृतक बच्ची की मां के बयानों में काफी विरोधाभास मिला। इसके बाद सीडीआर और मामले से जुड़ी अन्य कड़ी जोड़ने पर मासूम की हत्या मां का हाथ होने की बात ही सामने आई। पूरी तसल्ली के बाद बुधवार को जगमती के श्वसुर सीताराम ने पोती शगुन की हत्या के लिए बहू को आरोपी ठहराते हुए पुलिस में केस दर्ज कराया है।
बच्ची की जान क्यों ली, फिलहाल पहेली
दुधमुंही बच्ची को टैंक में फेंक कर हत्या करने का दुस्साहसी कदम मां जगमती ने कैसे और क्यों उठाया, फिलहाल पहेली बना है। जिस बच्ची को सीने से लगा कर दूध पिलाया उसे टैंक में एक मां ने कैसे फेंक दिया। बच्ची के बाबा सीताराम तो यह सुनकर बेसुध हो गए। उनकी आंखों से छलकते आंसुओं में गम और गुस्सा साफ दिख रहा था।
पूछताछ के बाद खुलेगा हत्या का राज
फिलहाल पुलिस आरोपी महिला को हिरासत में लेकर हत्या के कारण का पता लगाने में जुटी है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि पूछताछ के लिए महिला पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। अगर बच्ची की हत्या के लिए किसी ने उकसाया होगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
मासूम शगुन। - फाइल फोटो