कटरा बाजार। बेटे की हत्या के बाद इंसाफ की आस लगाए बैठीं शिवपति ने मंगलवार को दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि बेटे को खोने के बाद से वह सदमे में थीं।
अशोकपुर गांव के दुबे पुरवा निवासी प्रदीप दुबे की 19 सितंबर की देर रात पिटाई के बाद मौत हो गई थी। पिता भवानी प्रसाद दुबे की तहरीर पर पुलिस ने राजकुमार सिंह समेत अन्य के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
बड़े भाई रमेश दुबे ने बताया कि प्रदीप की हत्या से मां सदमे में थीं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी से लेकर उपमुख्यमंत्री तक से गुहार लगाई गई लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। घटना के दो माह बाद भी नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। परिजनों ने घटना की परिस्थितियों का मौके पर सत्यापन नहीं कराने पर भी सवाल उठाए हैं।
सीओ आनंद कुमार राय ने बताया कि प्रदीप दुबे हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।