तरबगंज/मनकापुर/रुपईडीह/करनैलगंज। जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर मतदाता सूची के परिवर्धन, संशोधन और विलोपन के लिए मंगलवार देर रात तक दावे व आपत्तियां दर्ज कराई गईं। चारों तहसीलों में सबसे अधिक आवेदन तरबगंज तहसील में सामने आए, जहां 38 हजार से अधिक मतदाताओं ने सूची में गड़बड़ी को लेकर आपत्ति दर्ज कराई।
तरबगंज के एसडीएम विश्वमित्र सिंह ने बताया कि तहसील में 22,542 परिवर्धन (नाम जोड़ने), 1,098 संशोधन और 15,352 विलोपन (नाम हटाने) के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इस तरह तरबगंज तहसील में कुल 38,992 दावे व आपत्तियां दर्ज की गई हैं।
मनकापुर एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि तहसील में परिवर्धन के लिए 4,935, संशोधन के लिए 366 और विलोपन के लिए 4,070 फॉर्म जमा किए गए हैं। उन्होंने बताया कि नाम जोड़ने के लिए प्रारूप-2, संशोधन के लिए प्रारूप-3 और विलोपन के लिए प्रारूप-4 का प्रयोग किया गया।अधिकारियों का कहना है कि संबंधित दावे व आपत्तियों की जांच शुरू कराई गई है। ऐसे में पात्र मतदाताओं को पंचायत की सूची में शामिल किया जाएगा।
दावे व आपत्तियों की भरमार
करनैलगंज व सदर तहसील के अधिकारी दावे व आपत्तियों के लेकर देरशाम तक स्थिति स्पष्ट नहीं कर सके। इसके बावजूद भी जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सूची में बड़े पैमाने पर खामियां होने के चलते दावे व आपत्तियों की भरमार रही है। चारों तहसीलों को मिलाकर करीब एक लाख दावे व आपत्तियां दर्ज होने का अनुमान है।
सूची में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी
लापरवाही से मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। इसमें बीएलओ की भूमिका की जांच करके कार्रवाई की जानी चाहिए। सूची को लेकर सभी पंचायतों में असंतोष व्याप्त है।
उमापति त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष, प्रधान संघ
दावे व आपत्तियों की जांच शुरू
दावे व आपत्तियों की जांच शुरू करा दी गई है। रजिस्ट्रार कानूनगो निर्वाचन और बीआरसी ऑपरेटर को प्रशिक्षण दिया गया है। सत्यापन के बाद पात्र मतदाताओं को अंतिम सूची में शामिल किया जाएगा।
नारायण, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी