गोंडा। जिला पंचायत सभागार में सोमवार को जिला स्तरीय पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें बकरीद को लेकर सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध करने के साथ ही सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
डीएम नेहा शर्मा ने धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद करते हुए बकरीद एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाने की अपील की। कहा किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचाएं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति धार्मिक भावनाएं भड़काने या दुष्प्रचार करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। सभी लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की सलाह दी। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे और सभी लोग त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मना सकें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत एवं पश्चिमी राधेश्याम राय के अतिरिक्त अन्य लोग मौजूद रहे।