डेंगू से गुरुवार रात जहां भाजपा विधायक बावन सिंह के भांजे की दिल्ली के सरगंगाराम हॉस्पिटल में मौत हो गई तो वहीं नगर पालिका नवाबगंज के मुट्ठीगंज मोहल्ला निवासी एक युवक ने लखनऊ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि इसी मोहल्ले में रहने वाला एक युवक डेंगू से बीमार चल रहा है। जिसे उपचार के लिए उसके परिवारीजनों ने फैजाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया है।
जिले में डेंगू से होने वाली मौतों का आंकड़ा दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। लेकिन इसके बाद भी स्वास्थ्य महकमा हाथ पर हाथ धरे बैठा है। मंगलवार रात जिले में डेंगू से दो और लोगों की मौत हो जाने से डेंगू से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
बताया जाता है कि हड़ियागाड़ा गांव में रहने वाले अशोक सिंह भाजपा विधायक बावन सिंह के बहनोई हैं। जिनका बेटा अभिषेक सिंह (19) दिल्ली में रहकर आईआईटी की कोचिंग कर रहा था। अभिषेक को चार दिन पहले तेज बुखार आया।
जिस पर घर वालों ने उसका एक डॉक्टर से इलाज कराया। लेकिन जब उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे ले जाकर दिल्ली के ही सर गंगाराम हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया। जहां गुरुवार की रात उसकी मौत हो गई। सुबह गांव में अभिषेक का शव पहुंचा तो पूरे गांव में मातमी सन्नाटा फैल गया। भाजपा विधायक बावन सिंह, पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों ने गांव पहुंचकर शव का अंतिम संस्कार कराया।
उधर, गुरुवार की रात ही नगर पालिका नवाबगंज के मुट्ठीगंज मोहल्ले में रहने वाले नन्हें गुप्ता (48) की भी डेंगू से मौत हो गई। बताया जाता है कि तीन दिन पहले तेज बुखार आने और जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर परिवार वाले नन्हें को लेकर लखनऊ के एक अस्पताल गए थे, जहां उनका दो दिनों तक उपचार चला। लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और गुरुवार की रात उनकी मौत हो गई।
जिसके बाद परिवार वाले नन्हे का शव लेकर गांव आए, जहां शुक्रवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया। जबकि मोहल्ला मुट्ठीगंज में रहने वाले लालजी गुप्ता का पुत्र सोनू (18) भी डेंगू से बीमार चल रहा है। परिवार वालों ने उसे ले जाकर फैजाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया है।
चाहे ग्रामीण क्षेत्र हो या शहरी, हर जगह गंदगी का अंबार लगा है। गांवों में सफाई कर्मियों के न आने से जहां गांव के भीतर और बाहर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं तो वहीं शहर में भी जगह-जगह गंदगी की भरमार है। नालियों के चोक होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। जिससे निपटने के लिए न तो नगर पालिका कुछ कर रही है और न ही स्वास्थ्य विभाग। नवाबगंज में डेंगू सहित तमाम मच्छरजनित बीमारियों से निपटने के लिए न तो फॉगिंग कराई गई है और न ही दवा का छिड़काव, जिससे मच्छरजनित बीमारियां फैल रही हैं।