फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: गर्मी में बदइंतजामी ने भी ली परीक्षा

Sat, 25 Apr 2026 11:54 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
टॉमसन इंटर कॉलेज में होमगार्ड भर्ती परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी। - संवाद 
विज्ञापन
गोंडा। कड़ी सुरक्षा और सख्त निगरानी के बीच होमगार्ड भर्ती परीक्षा पहले दिन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई, लेकिन जमीनी स्तर पर कई चुनौतियां सामने आईं। आधिकारिक आंकड़ों में परीक्षा सुव्यवस्थित दिखी, पर हकीकत में अभ्यर्थियों को कई मोर्चों पर जूझना पड़ा। पहले दिन जिले के 14 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा में 8,727 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। 2,313 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
विज्ञापन

शनिवार को सुबह से ही तेज धूप के बावजूद परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह छांव और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखी, जिससे अभ्यर्थियों के साथ आए परिजन परेशान रहे। दूसरी समस्या पेट्रोल-डीजल संकट की रही। ग्रामीण क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मशक्कत करनी पड़ी। कई अभ्यर्थी घंटों पेट्रोल पंपों पर लाइन में लगे रहे, जबकि कुछ को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। इससे कई परीक्षार्थी समय से केंद्र तक पहुंचने को लेकर तनाव में रहे।
14 केंद्रों पर पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा हुई। इसमें 5,520 के सापेक्ष 4,322 अभ्यर्थी शामिल हुए और 1,198 गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित हुई, जिसमें 5,520 के सापेक्ष 4,405 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 1,115 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले सघन जांच से गुजरना पड़ा। हर केंद्र पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट तैनात रहे। आईजी अमित पाठक व एसपी विनीत जायसवाल ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
विज्ञापन


बलरामपुर-बहराइच के लिए चलीं रिजर्व बसें
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने विशेष इंतजाम किए। 10 बसों को रिजर्व रखा गया। इनमें से पांच बसें बलरामपुर और पांच बहराइच के लिए चलाई गईं। भीड़ बढ़ने पर इन बसों को रवाना किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ट्रेन संख्या 05050 रविवार और सोमवार को ऐशबाग से गोरखपुर के लिए संचालित होगी, जो रात 11:50 बजे गोंडा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05049 रविवार और सोमवार को गोरखपुर से ऐशबाग के लिए चलेगी, जो सुबह 07:20 बजे गोंडा पहुंचेगी।

परीक्षार्थी बोले- सिलेबस आधारित प्रश्नों से मिली राहत
गोंडा। पहली पाली में होमगार्ड भर्ती परीक्षा देकर केंद्र से निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को लेकर अपने अनुभव साझा किए। अधिकांश अभ्यर्थियों ने सामान्य विज्ञान को आसान और स्कोरिंग बताया, जबकि इतिहास व भूगोल के कुछ प्रश्नों ने उन्हें थोड़ा उलझाया।
शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकलीं बलरामपुर की नेहा शुक्ला ने बताया कि सामान्य विज्ञान के प्रश्न काफी सरल और सीधे थे, लेकिन इतिहास के सवाल अपेक्षाकृत कठिन लगे।

बस्ती निवासी नितिन के अनुसार, अधिकतर प्रश्न निर्धारित सिलेबस से ही पूछे गए थे, जिससे परीक्षा देने में ज्यादा परेशानी नहीं हुई। उन्होंने करेंट अफेयर्स को भी संतुलित और समझ में आने वाला बताया।
अमृतलाल ने कहा कि सामान्य विज्ञान के सवाल अच्छे रहे, लेकिन इतिहास और भूगोल के प्रश्नों ने थोड़ी चुनौती दी। हालांकि, पूरा प्रश्नपत्र हल कर लिया।

बहराइच से परीक्षा देने पहुंचीं मधु कुमारी ने पेपर को कुल मिलाकर सामान्य स्तर का बताया। उन्होंने प्रश्नपत्र को संतुलित बताया। कहा कि अच्छी तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को फायदा मिल सकता है। (संवाद)
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें