गोंडा। अमर उजाला की खबर का बड़ा असर हुआ है। 12 नवंबर के अंक में अमर उजाला ने “पांच सितंबर से अल्ट्रासाउंड बंद, 20 से टल रहे ऑपरेशन” शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेकर विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को पत्र भेजा है। इसमें मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन मशीन के संचालन तथा रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती कराने की अपेक्षा की है। पत्र में लिखा है कि मेडिकल कॉलेज गोंडा पूरे मंडल का प्रमुख उपचार केंद्र है, जहां रोजाना करीब डेढ़ से दो हजार मरीज पहुंचते हैं। जांच सेवाएं बंद होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति अत्यंत गंभीर है और इसे तत्काल सुधारा जाना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने डिप्टी सीएम से आग्रह किया है कि सीटी स्कैन मशीन को तुरंत चालू कराया जाए और अल्ट्रासाउंड के लिए रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती प्राथमिकता पर सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। (संवाद)