गोंडा करनैलगंज में धान क्रय केंद्र पर अधिकारियों से जानकारी लेते राज्यमंत्री। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। सरकारी क्रय केंद्रों पर हाईब्रिड धान खरीदने के लिए किसानों से बीज का बिल मांगा जाना गंभीर समस्या है। नई क्रय नीति में संसोधन के लिए प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद को दिशा निर्देश दिया जाएगा, तब तक किसानों से घोषणापत्र भरवाकर धान की खरीद की जाए।
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद की धीमी रफ्तार को लेकर राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने नाराजगी जताते हुए खरीद तेज करने का निर्देश दिया। शुक्रवार को राज्य मंत्री ने गोंडा मंडी के तीन तथा करनैलगंज मंडी के एक क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा मिश्रा को निर्देश दिया कि धान बेचने आने वाला कोई भी किसान न लौटे। जिन किसानों के पास हाईब्रिड बीज का खरीद प्रमाणपत्र नहीं है, उनसे घोषणापत्र भरवाकर खरीद किया जाए।
कहा कि छोटे व मध्यम किसानों को प्राथमिकता दी जाए। जिन किसानों की उपज 60 क्विंटल या उससे कम है, उनको धान खरीद में प्राथमिकता दी जाए। इसके बाद राज्यमंत्री ने खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की।
उन्होंने निर्देशित किया कि धान खरीद के 48 घंटो में किसानों के खाते में भुगतान कर दिया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय आदि रहे।