करनैलगंज। अवैध खनन के खिलाफ आधी रात को हुई कार्रवाई में खनन अधिकारी डॉ. अभय रंजन भागती जेसीबी के गेट पर लटक गए। उन्होंने करीब दो किलोमीटर तक लटककर बालपुर के पास पुलिस की मदद से जेसीबी को रुकवाया। पुलिस ने जेसीबी सीज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डॉ. रंजन ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे ग्राम बटौरा बख्तावर के पास अवैध खनन की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचने पर चालक जेसीबी लेकर भागने लगा। रोकने के प्रयास में वह जेसीबी का गेट पकड़कर लटक गए। इसके बावजूद चालक ने जेसीबी नहीं रोकी। गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बालपुर पुलिस चौकी के पास किसी तरह जेसीबी को रुकवाया गया।
उन्होंने बताया कि पकड़ी गई जेसीबी बालपुर पुलिस के हवाले कर दी गई है। वहीं, खनन में लगी 12 ट्रैक्टर ट्राॅलियां लेकर लोग भाग गए। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि अवैध खनन में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)