वाणिज्य कर विभाग ने वैट चोरी में ले जाया जा रहा साढ़े पांच लाख रुपये का मेंथा ऑयल पकड़ लिया। मेंथा ऑयल को बोलेरो में छिपा कर ले जाया जा रहा था। विभाग ने व्यापारी से वैट चोरी करने पर 2.20 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया है।
वाणिज्य कर विभाग के स्पेशल इंवेस्टीगेशन ब्यूरोे (एसआईबी) जॉइंट कमिश्नर हरिराम चौरसिया ने बताया कि वाणिज्य कर विभाग गोंडा सचल दल के प्रभारी मनीष कुमार द्विवेदी को शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में मेंथा ऑयल वैट चोरी में लेकर बेचने जा रहे हैं।
बलरामपुर-गोंडा बार्डर से श्रावस्ती होकर मेंथा ऑयल बहराइच ले जाए जाने की जानकारी मिलने पर एसआईबी जॉइंट कमिश्नर ने वैट चोरी में मेंथा ऑयल पकड़ने के लिए बहराइच के सचल दल को लोकेशन दी। बहराइच सचल दल के प्रभारी के अभय सिंह ने बलरामपुर-बहराइच मार्ग पर श्रावस्ती में सोनवा बाजार के पास मेंथा ऑयल लेकर जा रही बोलेरो को रोक लिया।
तलाशी ली तो उसमें 50-50 लीटर के 11 करपा में भरा मेंथा ऑयल मिला। उसकी कीमत करीब 5.50 लाख रुपये आंकी गई। मेंथा ऑयल ले जा रहे व्यापारी के पास कोई प्रपत्र नही मिला। व्यापारी का विभाग में पंजीयन भी नहीं था। पूछताछ में पता चला कि मेंथा ऑयल को बहराइच ले जाया जा रहा था।
अपंजीकृत व्यापारी होने की वजह से वैट चोरी करने पर उससे 40 प्रतिशत के हिसाब से कुल माल पर 2.20 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया।
मेंथा ऑयल की सप्लाई का सीजन शुरू हो चुका है। कुछ लोग वैट चोरी में मेंथा ऑयल की बिक्री करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में गोंडा-बहराइच की सचल दल टीम को कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। - हरि राम चौरसिया, जॉइंट कमिश्नर एसआईबी गोंडा संभाग