गोंडा। सरकार की ओर चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी लेने के लिए एमबीबीएस के छात्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पंतनगर में इंटर्नशिप करेंगे। यहां एमबीबीएस के छात्रों को कम्युनिटी मेडिसिन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महाराजा देवी बख्श सिंह चिकित्सा महाविद्यालय में 100 सीटों पर एमबीबीएस के प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं चल रही हैं। पढ़ाई के साथ इन छात्रों को चिकित्सा विभाग से संबंधी व्यावहारिक ज्ञान दिया जाना है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज के करीब आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पंतनगर का चयन किया गया है।
मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि एमबीबीएस के छात्रों को पहले जनरल मेडिसिन के बारे में जानकारी दी जाएगी। उसके बाद ओपीडी में आने वाले मरीजों की जांच व आपात स्थिति में निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। छात्रों को स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके लाभार्थियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। आरोग्य मेला, जननी सुरक्षा योजना, परिवार नियोजन के कार्यक्रम, क्षयरोग उन्मूलन, नियमित टीकाकरण, मातृवंदना योजना की जानकारी दी जाएगी।