झंझरी (गोंडा)। सूदखोरों से परेशान होकर फांसी लगाने वाले पंतनगर के कांशीराम कॉलोनी ब्लॉक नंबर आठ निवासी ई रिक्शा चालक सुरेंद्र कुमार (35) की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सुरेंद्र की पत्नी सुरैया की तहरीर पर पुलिस ने नगर कोतवाली में बैंक कर्मचारी व दो सूदखोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सुरैया ने पुलिस को बताया कि पति सुरेंद्र कुमार ने राकेश कुमार दूबे से ब्याज पर 30 हजार रुपये लिए थे। इस कर्ज को चुकाने के लिए वह बैंक से लोन कराना चाहते थे। मगर बैंक कर्मचारी ने 30,500 रुपये जमा कराने के बाद लोन देने की बात कही। इस पर पति ने सुंदर लाल यादव से रुपये लेकर बैंक कर्मचारी सबरार अली को दे दिए।
मगर सबरार अली ने रुपये जमा करने के बाद फोन उठाना बंद कर दिया। उन्हें बार-बार दौड़ाते रहे। इधर, पैसे का इंतजाम न होने पर सुंदर लाल ई रिक्शा लेकर चले गए। पीड़ित परिवार की गृहस्थी पर संकट खड़ा हो गया। सुरैया ने बताया कि पति सुरेंद्र कुमार को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया गया। सूदखोरों ने उनकी एक भी नहीं सुनीं।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि पत्नी सुरैया की तहरीर पर राकेश कुमार दूबे, सबरार अली और सुंदरलाल यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।