गोंडा। परिषदीय स्कूलों में हो रही वार्षिक परीक्षा में कक्षा पांच में एक सवाल से 62 हजार 187 विद्यार्थी परेशान रहे। शिक्षक भी सवाल को लेकर भ्रम में रहे। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि सवाल डायट से बना है। यदि गलत सवाल है तो मूल्यांकन से बाहर कर दिया जाएगा।
जिले के 2,611 स्कूलों में हो रही परीक्षा में एक और चूक सामने आई है। कक्षा पांच में तीन नंबर पर अंकित सवाल पढ़कर बच्चे अचरज में पड़ गए। सवाल था कि एक कारखाने में वर्दी बनवाने के लिए 25678 रुपये खर्च किए गए। यदि एक वर्दी बनवाने में 353 रुपये खर्च हुए हों तो कुल कितने कर्मचारी हैं। जब एक वर्दी के मूल्य से भाग देकर कर्मियों की संख्या विद्यार्थियों ने निकाली तो वह 72.742 आया। जवाब आदमी की संख्या का था तो दशमलव में आने की कोई स्थिति ही नहीं बनती है। इस सवाल पर ही सवाल खड़ा हो गया।
ऐसा तब हुआ जब हुआ डायट के दो गणित विशेषज्ञों के साथ 16 एकेडमिक रिसोर्स पर्सन ने प्रश्नपत्र तैयार किया है। बाद में गणित के विशेषज्ञों ने कहा कि यह सवाल गलत है। इसके अलावा जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण रही।