गोंडा। तस्करी के साथ ही जमीन कब्जाने के मामले में अक्सर चर्चा में रहने वाला मोहम्मद शाहिद उर्फ मस्तान अब यूपी एसटीएफ के रडार पर आ गया है। बहराइच के फखरपुर में एसटीएफ की गिरफ्त में आए मोहम्मद फरीद ने बयान दिया है कि बरामद तीन किलो ब्राउन शुगर वह करनैलगंज के सदर बाजार निवासी मोहम्मद शाहिद उर्फ मस्तान से लेकर आया था।
एसटीएफ की लखनऊ यूनिट ने रविवार को बहराइच के फखरपुर इलाके से करनैलगंज नगर के सदर बाजार निवासी मोहम्मद फरीद को तीन किलो ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि फरीद बाराबंकी के महादेवा क्षेत्र निवासी मोहम्मद कासिम को ब्राउन शुगर देने के लिए बहराइच जा रहा था। तभी एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। वह मोहम्मद शाहिद उर्फ मस्तान का करीबी रिश्तेदार बताया जाता है।
करनैलगंज क्षेत्र में मोहम्मद शाहिद उर्फ मस्तान का नाम किसी बड़ी हस्ती से कम नहीं है। जमीन की खरीद-फरोख्त और प्लाटिंग करने वाले मस्तान पर पहले भी कई बार गंभीर आरोप लग चुके हैं मगर राजनीतिक आरोप बताकर वह बचता रहा। अब ब्राउन शुगर के साथ फरीद की गिरफ्तारी से मस्तान पर शिकंजा कसना तय माना जा रहा है। फखरपुर पुलिस ने मोहम्मद फरीद निवासी सदर बाजार करनैलगंज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें मोहम्मद शाहिद उर्फ मस्तान का नाम फरीद के बयान में शामिल है।
करनैलगंज इंस्पेक्टर चितवन कुमार ने बताया कि एसटीएफ ने ब्राउन शुगर की तस्करी के मामले में बहराइच में गिरफ्तारी की है। गिरफ्तार व्यक्ति कस्बे का रहने वाला है। एक अन्य का नाम भी सामने आया है। आगे जैसा निर्देश मिलेगा, कार्रवाई की जाएगी।