बेलसर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से विकास खंड बेलसर की सभी 48 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के पास स्वच्छता मार्ट बनाए जाएंगे। प्रत्येक मार्ट के निर्माण पर 1.10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
स्वच्छता मार्ट में स्वच्छता कर्मियों के बैठने की व्यवस्था के साथ फिनाइल, झाड़ू, साबुन समेत दैनिक उपयोग की स्वच्छता सामग्री उपलब्ध रहेगी। इन सामग्रियों की बिक्री से होने वाली आय से मार्ट का संचालन करने वाले कर्मियों को अतिरिक्त आमदनी भी होगी।
एडीओ पंचायत रवि प्रकाश मिश्र ने बताया कि योजना के क्रियान्वयन के लिए सभी ग्राम पंचायतों के प्रशासकों को दो दिन के भीतर निर्माण संबंधी डिमांड ब्लॉक मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बजट जारी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके।
डीएम के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज
बेलसर। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के संभावित मुकुंदपुर दौरे को लेकर विकास खंड प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को खंड विकास अधिकारी रवि कुमार गुप्ता और सहायक विकास अधिकारी रवि प्रकाश मिश्र ने मुकुंदपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।