गोंडा। दीपावली का पर्व नजदीक आते ही शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक तैयारियां तेज हो गई हैं। घरों और मंदिरों को सजाने के लिए बाजार में आर्टिफिशियल (कृत्रिम) फूलों की लड़ियों, रंग-बिरंगी झालरों और डिजाइनर तोरणों की मांग बढ़ गई है। त्योहार को लेकर बाजार में रौनक लौटने लगी है और खरीदार दुकानों पर पहुंचने लगे हैं।
दीपावली पर घरों और मंदिरों को सजाने के लिए लोग ओम, शुभ-लाभ, लक्ष्मी जी के पगचिह्न और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए दुकानदारों ने भी तरह-तरह के सजावटी सामान का स्टॉक मंगाकर दुकानें सजा ली हैं। सजावट की सामग्री के साथ लइया-चूरा और पूजन सामग्री की बिक्री भी तेज हो गई है।
दुकानदार शुभम कुमार ने बताया कि दीपावली को देखते हुए झालरें, आर्टिफिशियल फूलों की लड़ियां और पूजन सामग्री मंगाई गई हैं। बाजार में ग्राहक पहुंचने लगे हैं। उम्मीद है कि त्योहार नजदीक आने के साथ कारोबार में और तेजी आएगी। बर्तन कारोबारी शिवराज ने बताया कि धनतेरस को लेकर भी दुकानों पर सामान का स्टॉक मंगवा लिया गया है।
सजावट का नया ट्रेंड
लोग प्राकृतिक फूलों के साथ-साथ लंबे समय तक इस्तेमाल होने वाले आर्टिफिशियल फूलों और रंग-बिरंगी झालरों को भी पसंद कर रहे हैं। व्यापारियों के मुताबिक, ग्राहकों की मांग को ध्यान में रखते हुए बनारस, लखनऊ, मथुरा और कानपुर से विशेष सजावटी सामान मंगाया गया है।
सजावटी सामग्री (कीमत रुपये में)
सजावटी झालर : 20 से 250
बिजली की झालर : 350
शुभ-लाभ : 40 से 300
फूलों की लड़ी : 25
लक्ष्मीजी के पगचिह्न : 20 से 250
गोंडा के चौक बाजार में दीपावली के लिए मोरपंख बेचता युवक।
गोंडा के चौक बाजार में दीपावली के लिए मोरपंख बेचता युवक।