हाईवे पर बने कट को देखते आईजी व एसपी।
गोंडा। देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक ने एसपी विनीत जायसवाल के साथ बुधवार को गोंडा-लखनऊ हाईवे पर स्थित ब्लैक स्पॉट व हॉट स्पॉट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि हाईवे पर बने ये 30 कट दुर्घटनाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील हैं। यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं।
अमर उजाला ने 18 दिसंबर के अंक में थोड़ा संभलकर: 28 किलोमीटर के सफर में हाईवे पर हैं 71 कट शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने हाईवे पर स्थित इन कट का निरीक्षण किया। एआरटीओ आरसी भारतीय ने बताया कि लखनऊ हाईवे पर जिले की सीमा तक कुल 30 कट ऐसे हैं, जिन्हें दुर्घटना के हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर संकेतक, स्पीड ब्रेकर, लाइटिंग व चेतावनी बोर्ड आदि सुविधाओं की बढ़ाए जाने की जरूरत है।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने एएसपी मनोज रावत, सीओ आनंद राय से यातायात व्यवस्था, सड़क की बनावट, कटों की स्थिति और दुर्घटनाओं के कारणों का बारीकी से जायजा लिया। आईजी अमित पाठक ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी। पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने संकेतक लगाने, कटों को नियंत्रित करने, स्पीड लिमिट लागू कराने व नियमित निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।