बड़े ही नाटकीय ढंग से रविवार को गोंडा स्टेशन पर रोकी गई रेलमंत्री की ट्रेन के दौरान जब पूर्व विधायक तुलसीदास राय चंदानी को रेलमंत्री ने अपने केबिन में बुलाया तो वह अपनी प्रमुख मांगों के एक ज्ञापन के साथ अमर उजाला का माई सिटी भी उनके पास लेकर गए। जिसमें उल्लिखित 9 मांगों में से तीन को रेलमंत्री सुरेश प्रभू ने पूरा करने का उन्हें भरोसा दिलाया।
रेलमंत्री सुरेश प्रभू के दौरे के मद्देनजर अमर उजाला ने दो वर्षों से गुमनामी के अंधेरे में खोए गोंडा रेलवे स्टेशन की उस बदहाली को उजागर किया था, जिस पर अरसे से न तो रेलवे का कोई ध्यान जा रहा है, न ही रेल के मंत्री व राज्यमंत्री का।
इसके कारण इतिहास के पन्नों में डेढ़ सौ से ज्यादा साल पुराने इस स्टेशन का वजूद खोने की कगार पर है। रविवार को रेलमंत्री सुरेश प्रभू की ट्रेन जब गोंडा में रुकी तो गोंडा सदर से दो बार पूर्व विधायक रह चुके तुलसीदास राय चंदानी अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन के अलावा अमर उजाला का माई सिटी लेकर रेलमंत्री से मिलने उनके केबिन में पहुंचे। जहां उन्होंने खुद को एक जमाने में अटल जी का सहयोगी बताते हुए उन्हें गोंडा रेलवे की दीन-हीन दशा से अवगत कराया।
इस पर रेलमंत्री सुरेश प्रभू ने पूर्व विधायक तुलसीदास राय चंदानी को आश्वस्त किया, जो भी ट्रेनें गोंडा से रनथ्रू पास हो रही हैं, उनका जल्द ही यहां ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा।
साथ ही इलाहाबाद के लिए चलने वाली जिस सरयू एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन वर्तमान में मनकापुर से इलाहाबाद के लिए हो रहा है, उसका विस्तार करते हुए उसे गोंडा से चलाया जाएगा।
जबकि तीन साल से रेलवे इलेक्ट्रिीफिकेशन के बावजूद नहीं चल रही मेमो ट्रेन का संचालन भी जल्द सुनिश्चित किया जाएगा।
वहीं पूर्व विधायक के दिए ज्ञापन में जीएम स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए जीएम राजीव मिश्र को भी मौके पर ही निर्देशित किया गया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी, सूर्यनारायण तिवारी, केके श्रीवास्तव, जसवंतलाल सोनकर, श्रीकांत पाण्डेय, राजाबाबू गुप्ता, सभासद वेदप्रकाश शुक्ल, पंकज श्रीवास्तव, नीरज मौर्या, अखिल भारतीय जिला उद्योग व्यापार मंडल के जगदीश रायतानी ने रेलराज्यमंत्री मनोज सिन्हा को ज्ञापन दिया।