एलबीएस महाविद्यालय में लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर हवन पूजन करते लोग। -संवाद
गोंडा। लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय परिसर में रविवार को देश के द्वितीय प्रधानमंत्री व भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि श्रद्धा, सेवा व सर्वधर्म समभाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार व हवन-पूजन से हुई। इसके बाद आयोजित सर्वधर्म सभा में रामचरित मानस, कुरआन, बाइबल व गुरु ग्रंथ साहिब के पाठ ने परिसर को राष्ट्रीय एकता व भाईचारे के संदेश से गुंजायमान कर दिया।
सरदार चरणजीत सिंह ने गुरुवाणी, अमित वर्मा ने बाइबल, अब्दुल अलीम ने कुरआन तथा स्मृति शिशिर ने रामचरित मानस की चौपाई का पाठ किया। पुण्यतिथि के अवसर पर महाविद्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ, जिसमें 26 छात्र–छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने रक्तदान किया। वहीं, शास्त्री पार्क में रामचरित मानस के अखंड पाठ का आयोजन हुआ। इसके बाद जरूरतमंद छात्र–छात्राओं को स्वेटर वितरित कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया गया। प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी व राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी युवाओं को देश व समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। सचिव उमेश शाह ने कहा कि सर्वधर्म सभा जैसे आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, सहिष्णुता व भाईचारे को मजबूत करते हैं। शास्त्री जी के विचारों को आत्मसात करके ही सशक्त व समरस भारत का निर्माण संभव है। इस दौरान प्रभारी प्राचार्य प्रो. बीपी सिंह, प्रो. जितेंद्र सिंह, डॉ. मनोज मिश्र, डॉ. ममता शुक्ला, डॉ. अमन चंद्रा आदि मौजूद रहीं।