बारिश से पेड़ पर उतरे करंट की चपेट में आने से एक अधेड़ व भैंस की मौत हो गई। राढ़ी बेलमत्थर गांव निवासी रामबाबू मिश्र के मुताबिक उसके पिता कौशल किशोर (55) गुरुवार को भैंस चराने गए थे। तभी गांव के उत्तर दिशा स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास भैंस बाग में चली गई।
वहां, हाईटेंशन लाइन एक पेड़ से होकर गुजरी थी। बारिश से पेड़ में करंट उतर आया। भैंस जैसे ही पेड़ के पास पहुंची तभी वह करंट से तड़पने लगी। भैंस को तड़पता देख उनके पिता उसे बचाने दौड़े और वह भी चपेट में आ गए। जिससे दोनों की मौत हो गई।
गांव वालों से मिली सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में परसपुर बिजलीघर के प्रभारी अवर अभियंता मो. आरिफ ने बताया कि बिजलीकर्मियों को मौके पर भेजा गया है।