भमैचा गांव के मजरा तरगांव में गुरुवार को सुबह बकाया मजदूरी मांगने गए दलित दंपती को गांव के ही एक व्यक्ति ने पीट दिया। आरोपी ने पिटाई के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराने पर दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पीड़ित ने थाना मोतीगंज में आरोपी के खिलाफ मारपीट, धमकी व एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के भमैचा गांव के मजरा तरगांव निवासी दलित विफई ने बताया कि वह पत्नी माया के साथ इसी गांव के रहने वाले तरुण दुबे के यहां मजदूरी करता है। विफई के मुताबिक दो माह पहले उसने पत्नी के संग तरुण के खेत का गन्ना छीला और धान की कटाई की थी, जिसकी 4200 रुपये मजदूरी बकाया थी। विफई ने बताया कि सुबह वह पत्नी के साथ तरुण के घर बकाया मजदूरी के रुपये मांगने गया था।
तरुण ने उसे बकाया मजदूरी देने से इन्कार कर दिया और उससे व पत्नी से अभद्रता की। जब उसने विरोध किया तो तरुण ने उसे व उसकी पत्नी को पीट दिया। विफई ने बताया कि तरुण ने थाने में शिकायत दर्ज कराने पर उसे व उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में विफई ने थाना मोतीगंज में आरोपी तरुण के खिलाफ मारपीट, धमकी व एससी-एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।