बेलसर। तरबगंज में 46 हजार रुपये की लूट की झूठी सूचना देकर छह घंटे तक परेशान करने वाले युवक को पुलिस ने शांतिभंग में गिरफ्तार कर चालान किया है। जांच में लूट की घटना पूरी तरह फर्जी निकली। सीओ तरबगंज डॉ. उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि परसपुर थाना क्षेत्र के कड़रू तारा निवासी दीपांशु सिंह ने सोमवार को तरबगंज थाने में तहरीर देकर बताया था कि वह बाइक से 49 हजार रुपये लेकर सुसेला स्थित बिल्डिंग मटेरियल की दुकान पर जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और मारपीट कर 46 हजार रुपये छीन लिए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई और युवक द्वारा बताए गए बाइक नंबर की जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि बाइक नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति की है। पुलिस जब वहां पहुंची तो पता चला कि घर में कथा कार्यक्रम चल रहा था और बाइक सुबह से वहीं खड़ी थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में भी बाइक के बाहर न जाने की पुष्टि हुई। संदेह होने पर पुलिस ने युवक से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसका अपने दो साथियों से विवाद हो गया था। उन्हें फंसाने के उद्देश्य से उसने लूट की झूठी सूचना दी थी। (संवाद)