डुमरियाडीह। दुर्जनपुर घाट के चिलमपुर में आजाद सिंह की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी संदीप सिंह को कोड़र-चंदापुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। नामजद दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
शनिवार रात दुर्जनपुर घाट के चाचापुरवा निवासी आजाद सिंह (37) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में भाई अनूप सिंह की तहरीर पर गांव के संदीप सिंह तथा गेड़सर के शुकुलपुरवा निवासी सुरेश विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि सुरेश विश्वकर्मा आजाद सिंह को नवाबगंज से बहला-फुसलाकर गेड़सर के चिलमपुर स्थित एक निमंत्रण कार्यक्रम में ले गया था। लौटते समय घनश्याम पांडेय के घर के सामने दोनों आरोपियों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष विपुल कुमार पांडेय ने बताया कि मुख्य आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
प्रेम विवाह बना रंजिश की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले आजाद सिंह ने एक युवती से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद वह गांव छोड़कर नवाबगंज में रहने लगे थे। इसी घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की प्रमुख वजह मानकर मामले की विवेचना कर रही है।