गोंडा। मनकापुर विधानसभा में सड़कों से हर गांवों को जोड़ने के साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने का कार्य किया है। यह बात सोमवार को समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने प्रेस वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जो कार्य किए हैं वह अपने आप में एतिहासिक है। उन्होंने कहा कि नवाबगंज नगर पालिका सहित 62 गांवों को अयोध्या विकास प्राधिकरण में शामिल किया गया है।
अयोध्या के नवनिर्माण में मनकापुर विस क्षेत्र के गांवों का भी विकास होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर वर्ग के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए हैं। मनकापुर विधानसभा के 10369 गरीबों को आवास योजना का लाभ दिया गया है। इसमें नवाबगंज के शहरी गरीब भी शामिल हैं।
इसके साथ ही तीन लाख से अधिक लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन दिया गया है। सड़कों के निर्माण में बडे़ स्तर पर कार्य हुए हैं। क्षेत्र में 520.32 किमी पक्की सड़कों का जाल और 15.821 किमी इंटरलाकिंग का निर्माण हुआ है। 9.25 करोड़ से माझा राठ में जरही नाले पर पुल का निर्माण हो रहा है। कल्याणपुर में कान्हा गौशाला में सौ गौवंश के संरक्षण की व्यवस्था की गई है।
इटियाथोक विकास खंड सभागार में विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने साढ़े 4 साल की उपलब्धियां गिनाई। विधायक ने कहा कि साढ़े 4 साल के भीतर ग्रामीण क्षेत्रों में 96.5 किलोमीटर के सड़क मार्ग का चौड़ीकरण सृदृढ़ीकरण किया गया है। 551 किलोमीटर की ग्रामीण सड़कों की विशेष मरम्मत पर 20137.370 लाख रूपये खर्च किए गए हैं।
मसकनवां में गौरा विधायक प्रभात कुमार वर्मा ने प्रदेश सरकार व गौरा विधानसभा क्षेत्र में कराए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी। कहा की विधानसभा में सादुल्लाह नगर से गौराचौकी वाया बभनान मार्ग, डुमरियागंज, गौराचौकी, मसकनवां, कटरा, अयोध्या मार्ग सहित बासठ बड़े सड़कों का निर्माण कराया गया है।
पर्यटन व पर्यावरण को देखते हुए स्वामी नारायण छपिया मंदिर व श्रवण पाकर धाम का सौंद्रीकरण, छपिया के नरैचा में पर्यावरणीय उद्यान पार्क का निर्माण कराया गया। कूकनगर ग्रांट में कुआनों नदी, बिसुही नदी हरैया घाट, बक्सरिया ग्रांट से फनहा मार्ग पर पुल का निर्माण कराया गया।