जानकीनगर में डीएम की चौपाल में मौजूद लोग। स्रोत: सूचना विभाग
गोंडा। डीएम नेहा शर्मा ने शुक्रवार को पांच गांवों में चौपाल लगाकर जनसमस्याओं की सुनवाई की। इटियाथोक ब्लॉक की ग्राम पंचायत पारासराय में डीएम ने पोषाहार वितरण के बारे में जानकारी मांगी। गांव की महिलाओं ने बताया कि यहां कभी पोषाहार का वितरण नहीं होता। डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथिलेश को सख्त हिदायत देते हुए निलंबित करने की चेतावनी दी।
राजीव कुमार तिवारी ने भूमि पर अवैध कब्जा होने की शिकायत की। शाह मोहम्मद ने घर के ऊपर एचटी लाइन की शिकायत दर्ज कराई। चकरोड, खलिहान, बंजर व तालाब की भूमि पर कब्जे की शिकायतों पर डीएम ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को निस्तारण का निर्देश दिया। बीडीओ अभय सिंह, डॉ. सुनील पासवान व ग्रामीण मौजूद रहे।
नगर पंचायत धानेपुर में आयोजित चौपाल में ठठेरी मोहल्ला के शीतला प्रसाद ने डीएम से तालाब पर अतिक्रमण की शिकायत की। सीताराम ने आदेश के बावजूद पत्थर नसब नहीं करने की शिकायत की। खैराती ने 30 हजार रुपये बकाया मजदूरी नहीं देने का आरोप लगाया। रमाकांत चौबे व रहीसुन्निशा ने वरासत संबंधित शिकायत की। ईओ रागिनी वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि रक्षाराम वर्मा, बीडीओ विजय मिश्र, सीडीपीओ अभिषेक दूबे मौजूद रहे।
मुजेहना के बेसहूपुर में आयोजित चौपाल में डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से पूछा कि कितने बच्चे कुपोषित हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने कहा कि एक बच्चा कुपोषित है। बच्चों की कुल संख्या पूछने पर वह इधर-उधर देखने लगीं। डीएम ने समर कैंप में पहुंचकर जानकारी ली। जानकीनगर व भरथौली गांव में भी डीएम ने समस्याएं सुनकर निस्तारण का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ अंकिता जैन, सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।