दुर्जनपुर घाट। गौहानी के बालकृष्ण की दुधारू गाय की मौत हो चुकी है। धौरहरा, टकटोना, रानीपुर, किधौंरा, सेझिया आदि गांवों में दर्जनों पशु बीमार हैं।
गौहानी निवासी बब्लू पांडेय, अभिमन्यु, हवलदार और बालकृष्ण ने बताया कि उनके जानवर बीमारी से पीड़ित हैं। बरसेड़ी के चुनमुन तिवारी व शिव प्रसाद के यहां भी कई जानवर एलएसडी से संक्रमित हैं। बाजार में होम्योपैथिक दवा ‘लंपी आउट’ और ‘एलएसडी-25’ की किल्लत है।
पशु चिकित्सालय तरबगंज के डॉक्टरों के स्थानांतरण से उपचार व टीकाकरण का कार्य ठप है। अस्थायी रूप से नवाबगंज के डॉक्टर की तैनाती की गई है। अस्पताल में न दवा उपलब्ध है और न डॉक्टर मिलते हैं। पशुपालक मजबूर होकर निजी चिकित्सकों से महंगी दवा खरीदकर इलाज करा रहे हैं।
पशुधन प्रसार अधिकारी डॉ. प्रभात गौतम ने बताया कि यह बीमारी मच्छर, मक्खी, किलनी और दूषित पानी से फैलती है। पशुओं को एक-दूसरे से अलग रखें। विभाग जल्द ही क्षेत्र में टीकाकरण अभियान चलाएगा और बीमार पशुओं का उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। (संवाद)