सीबीएन रोड पर बेलसर कस्बे में कीचड़ व जलभराव के कारण सोमवार व शुक्रवार को लगने वाला उठाई बाजार अब नहीं लग पा रहा है। इससे आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों की रोजी-रोटी चलती है, लेकिन जलभराव के कारण अब दुकानें नहीं लग पा रही हैं।
व्यापारी सुशील कुमार ने बताया कि बाजार की ऐसी दुर्दशा कभी नहीं देखी। जलभराव व कीचड़ होने से मार्ग पर पैदल तक नहीं चला जा सकता है। विवेक सोनी का कहना है कि बाजार की गंदगी को देखकर कोई भी व्यक्ति बाजार में आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।
शुक्रवार व सोमवार को यहां बाजार लगती थी, जिसमें कई क्षेत्राें से व्यापारी यहां आते थे। परंतु जलभराव व कीचड़ होने से फुटपाथ भी महफूज नहीं है। शिवम सोनी का कहना है कि ऐसी दशा बाजार के किसी भी मार्ग पर नाली न होने के कारण हो रही है।
सीवर लाइन का कार्य विगत पंचवर्षीय में शुरू कराया गया था, परंतु वह भी अधूरा पड़ा है। उमरीबेगमगंज मार्ग की सड़क पूरी तरह से धंस गई है, जिसमें बारिश का पानी भर जाने से उस मार्ग पर यात्रा करना किसी जोखिम से कम नहीं है।
जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण बारिश का पानी महीनाें भरा रहता है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है। बाजारवासियों की मांग है कि बाजार में जल निकासी की व्यवस्था कराने के साथ ही इसका उच्चीकरण कराया जाए।