गोंडा। सदर तहसील के बडगांव क्षेत्र में तैनात लेखपाल राम बहादुर पांडे को अधिकारियों के नाम पर घूस लेने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उपजिलाधिकारी वीर बहादुर यादव ने वीडियो का संज्ञान लिया और परीक्षण किया। एसडीएम का कहना है कि प्रसारित वीडियो में घूस लेने और अधिकारियों के नाम पर घूस वसूलना स्पष्ट है। ऐसे में आरोपित लेखपाल राम बहादुर पांडे को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच तहसीलदार सदर को सौंपी गई है।
लेखपाल संघ के पदाधिकारी और बडगांव क्षेत्र के लेखपाल राम बहादुर पांडेय सदर तहसील में काफी दिनों कार्यरत है। उनकी तैनाती बडगांव क्षेत्र में हुई है, शहर से सटा होने के कारण बडगांव के लेखपाल की खास अहमियत होती है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियों में एक कार्य कराने के लिए घूस तो लिया ही अधिकारियों के नाम पर भी घूस लिए जाने की बात सामने आई।
वीडियो तहसील प्रशासन के संज्ञान में आया तो एसडीएम वीर बहादुर यादव ने गंभीरता से लिया और मामले का परीक्षण किया। इस बात की पुष्टि होने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा उन्हें रजिस्टार कानूनगो के दफ्तर से संबद्ध किया गया है। पूरे मामले की जांच अब तहसीलदार करेंगे।
लेखपाल पर वरासत के नाम पर घूस लेने का आरोप
करनैलगंज तहसील के कटरा बाजार क्षेत्र के बनगांव में तैनात लेखपाल निरंकार प्रसाद पर वरासत के नाम पर घूस लेने का आरोप लगाया है। गांव के रमेश कुमार यादव ने आरोप लगाया है कि पिता की मौत के बाद वरासत के लिए लेखपाल से संपर्क किया तो उन्होंने रुपये की मांग की।
इस दौरान उसका ऑडियो रिकार्डिंग कर लिया। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत करने के साथ ही ऑडियो भी भेजा है। इसके अलावा शिकायत व ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। वहीं लेखपाल निरंकार प्रसाद ने आरोपों से इन्कार किया और कहा कि रमेश कुमार का कार्य बहुत विवादित था फिर उन्होंने हल करा दिया। अब काम हो गया है तो आरोप लगा रहे हैं।