गोंडा। देहात कोतवाली क्षेत्र के चांदपुर गांव में रविवार शाम अवैध खनन की जांच करने पहुंचे लेखपाल की पिटाई कर दी गई। आरोप है कि अवैध खनन करने वालों ने उनका मोबाइल छीनने के साथ ही सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रहे हैं।
चांदपुर के लेखपाल मान बहादुर वर्मा ने देहात कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि रविवार को वह अंदूपुर में एक शिकायत के निस्तारण के लिए गए थे। वहां से लौटते समय चांदपुर में अवैध मिट्टी खनन की जानकारी मिली। वह राजस्व निरीक्षक ईश्वर शरण तिवारी के साथ मौके पर पहुंचे। गांव में राजस्व निरीक्षक लोडर की तलाश में एक ओर निकल गए, जबकि वह दूसरी तरफ चले गए। लेखपाल के मुताबिक उन्हें देखकर अवैध खनन कर रहे लोग ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर जाने लगे। इसी दौरान कटहा माफी गांव के कुछ लोग उनसे भिड़ गए। लेखपाल का आरोप है कि उन्हें गालियां देते हुए जैकेट का कॉलर पकड़कर धक्का दे दिया। कहा कि, यहां से जाओ नहीं तो नदी में डुबोकर मार डालेंगे। लेखपाल ने जब वीडियो बनाना शुरू किया तो उनका मोबाइल छीन लिया गया। मारपीट भी की गई। सरकारी अभिलेख भी फाड़ डाले। इसी बीच वहां पहुंचे कानूनगो को लेखपाल ने आपबीती बताई।
कानूनगो ने पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी आनंद राय का कहना है कि पूरा मामला जानकारी में है। पुलिस मौके पर है। जांच की जा रही है। विधिक कार्रवाई की जाएगी।