कार्यालय में महिला की शिकायत सुनते मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील। स्रोत: सूचना विभाग
गोंडा। दतौली की उर्मिला सहित अन्य महिलाओं ने सोमवार को आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील को अपनी फरियाद सुनाई। कहा कि पट्टे की जमीन पर कब्जा नहीं मिल रहा है। इससे समस्या हो रही है। इस पर आयुक्त ने एसडीएम को तीन दिन के भीतर प्रकरण का निस्तारण कराकर रिपोर्ट देने को कहा।
आयुक्त कार्यालय सभागार में मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद में मेई पाठक की धर्मा देवी ने राशन कार्ड की समस्या सुनाई। कहा कि उनके परिवार के कुछ सदस्यों के नाम काट दिए गए हैं। वहीं, कचनापुर की मीना ने सड़क पर कब्जे की समस्या उठाई। इस पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। रंजना पांडेय, श्यामकली, शबनम, रिचा, मंजू, रुचि तिवारी, अनारकली, मीना, अनीता, रामवती, कांती देवी ने भी अपनी- अपनी समस्याएं सुनाईं। आयुक्त ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा। अपर आयुक्त मीनू राणा, उपायुक्त खाद्य रसद विजय प्रभा सहित अन्य मौजूद रहे।
अफसरों को सौंपी जिम्मेदारी
आयुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण जल्द किया जाए। शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाय। कार्यवाही निष्पक्ष होनी चाहिए।
45 में से 40 शिकायतों का हुआ निस्तारण
अपर आयुक्त प्रशासन कमलेश चंद्र ने बताया कि पिछले सोमवार को हुई महिला जनसुनवाई में 45 शिकायतें आईं थी। इसमें से 40 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है। वहीं, चार का निस्तारण संतोषजनक न मिलने पर रिमाइंडर जारी किया गया।