एलबीएस पीजी कॉलेज में कार्यक्रम का शुभारंभ करतीं उपाध्यक्ष वर्षा सिंह व अन्य और उपस्थित लोग। स
गोंडा। शिक्षा के क्षेत्र में छह दशक से अधिक का सफर पूरा कर लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज शुक्रवार को 61 साल का हो गया। गांधी-शास्त्री जयंती के साथ महाविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में कॉलेज की छह दशक की यात्रा, उपलब्धियों और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया गया।
मुख्य अतिथि प्रभारी जिलाधिकारी दयानंद प्रसाद ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर स्थापित यह महाविद्यालय विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने का काम कर रहा है। शिक्षा के साथ संस्कार देना इसकी विशेषता है। उन्होंने महाविद्यालय को देवीपाटन मंडल का गौरव बताया।
प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने कहा कि स्थापना दिवस केवल अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने का भी दिन है। सचिव उमेश शाह ने आयोजन की सफलता पर महाविद्यालय परिवार को बधाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने महाविद्यालय के 61 वर्ष के इतिहास और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
प्रस्तुतियों से सजा स्थापना दिवस
छात्र-छात्राओं ने गायन, नृत्य, भाषण और योग की प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बनाया। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को महाविद्यालय की ओर से ड्रेस वितरित की गई। महाविद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि गुंजन शाह और पूजा छाबड़ा के साथ प्रबंध समिति के सदस्य रविचंद्र त्रिपाठी, सुरेंद्र पाल सिंह, अश्वनी श्रीवास्तव समेत शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन प्रो. संदीप कुमार श्रीवास्तव ने किया। संचालन डॉ. मुक्ति टंडन ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
एलबीएस पीजी कॉलेज में कार्यक्रम का शुभारंभ करतीं उपाध्यक्ष वर्षा सिंह व अन्य और उपस्थित लोग। स