करनैलगंज में सड़क जाम कर प्रदर्शन करते अधिवक्ता। -स्रोत: संगठन
करनैलगंज। बाराबंकी मामले को लेकर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्यामधर शुक्ल एवं मंत्री पवन कुमार शुक्ल की अगुवाई में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए गोंडा-लखनऊ राजमार्ग जाम कर दिया। वे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अधिवक्ता संरक्षण कानून बनाने की मांग कर रहे थे। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। बाद में मौके पर पहुंचे अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया। इस मौके पर त्रिलोकीनाथ तिवारी, गोपाल जी तिवारी, रामसुरेश तिवारी, हृदय नारायण मिश्र, धर्मेंद्र मिश्र, रंगबहादुर सिंह, सुरेंद्र द्विवेदी, शुभम दुबे, दिनेश गोस्वामी, लालबाबू मिश्र आदि मौजूद रहे। (संवाद)
वकीलों ने किया प्रदर्शन
गोंडा। बाराबंकी के टोल प्लाजा पर अधिवक्ता के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला तूल पकड़ने लगा है। शुक्रवार को गोंडा में अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। बाद में तीन सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में एडीएम आलोक कुमार को सौंपा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राम बुझारथ द्विवेदी, महामंत्री संजय कुमार सिंह, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय प्रकाश त्रिपाठी, महामंत्री गौरी शंकर चतुर्वेदी के नेतृत्व में जुलूस जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। वहां अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने घटना के दोषियों पर रासुका लगाने, प्रदेश स्तर पर एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने तथा टोल प्लाजा का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। इस मौके पर माधवराज मिश्र, दीनानाथ त्रिपाठी, महाराज कुमार श्रीवास्तव, रविचन्द्र त्रिपाठी, अनिल सिंह, आलोक पांडेय, अवधेश कुमार शुक्ल आदि मौजूद रहे। (संवाद)