मनकापुर (गोंडा)। एक छात्रा को स्कूल आते जाते शोहदे परेशान करते रहे। जब भाई को बता दिया तो उसके पूछने पर शोहदों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़िता की मां घटना की लिखित तहरीर कोतवाली में देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते हुए अपनी बेटी व परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं पीड़िता ने एसपी शैलेश कुमार पांडेय को भी फोन करके घटना की जानकारी दी है। मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है।
पीड़िता की मां का आरोप है कि उसकी बेटी एक स्कूल में पढ़ने जाती है। उसके स्कूल आते-जाते समय अकेली पाकर शोहदे अश्लील गाना गाते और फब्तियां कसते हैं। मना करने पर गंदी गंदी गाली देते हैं। इसकी शिकायत बेटी ने अपनी मां से किया। इस बात को स्कूली छात्रा का छोटा भाई भी जान पाया तो गांव में आरोपी के घर पूछने गया कि मेरी बहन को क्यों गाली देते हो तथा परेशान करते हो।
इस पर शोहदों ने छात्रा के भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की तहरीर देने पर सुनवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार ने एसपी को फोन करके घटना की जानकारी दी।एसपी ने इस मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेने पर कोतवाली पुलिस हरकत में आयी और आरोपियों को पकड़ कर कोतवाली ले आयी है।पीड़िता ने बताया कि तहरीर देकर आयी हूं।न्याय न मिलने पर उच्चाधिकारियों की चौखट पर फरियाद लेकर जाऊंगी। कोतवाल केके राणा ने बताया तहरीर मिली है जांच करवाई जा रही है।