गोंडा। बहुचर्चित भूमि घोटाले के आरोपी राजकुमार लाल श्रीवास्तव की पुलिस ने तीसरे दिन रविवार को रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
भूमि घोटाले के कई मुकदमों में आरोपी शहर के गायत्रीपुरम निवासी राजकुमार लाल श्रीवास्तव को पकड़ने के लिए शुक्रवार को कोतवाली नगर के चौकी प्रभारी सिविल लाइंस रजनीश द्विवेदी ने टीम के संग दबिश दी थी। पुलिस को देखते ही जेल जाने के डर से आरोपी राजकुमार ने एसिड पी लिया था। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी। पुलिस आरोपी को जिला अस्पताल ले गई थी। जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के स्वस्थ होने पर रविवार को उसे रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। बताया कि आरोपी पर भूमि घोटाले से संबंधित जालसाजी के पांच मुकदमे दर्ज हैं।