मुजेहना। निर्माणाधीन मकान की शटरिंग खोलते अचानक छज्जा ढहने से एक 25 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। लखनीपुर गांव निवासी बजरंगी लाल बुधवार को गांव में ही बन रहे एक मकान में मजदूरी कर रहे थे।
चचेरे भाई रामचंदर ने बताया कि दोपहर में निर्माण कार्य के दौरान शटरिंग खोली जा रही थी। इसी बीच अचानक निर्माणाधीन छज्जा भरभराकर गिर पड़ा। मलबे के नीचे दबने से बजरंगी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद अन्य मजदूर और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पत्नी शिवानी बदहवास हो गईं, जबकि तीनों मासूम बच्चे रितेश, रीतू और काजल पिता की मौत से बेसुध होकर बिलखते रहे।
परिजनों ने बताया कि बजरंगी रोज मजदूरी करके ही परिवार का पालन-पोषण करते थे। प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।