करनैलगंज। कोरोना से बचाव का टीका लगवाने के लिए उमड़ी भीड़ ने सोशल डिस्टेंसिंग की खूब धज्जियां उड़ाईं। करनैलगंज व हलधरमऊ सीएचसी पर टीका लगवाने के लिए युवाओं ने विलंब होने पर बवाल भी किया। मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा।
सोमवार को करनैलगंज व हलधरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित सभी वैक्सीनेशन सेंटर पर 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को टीका लगाया गया। इस दौरान युवाओं में काफी उत्साह नजर आया। वैक्सीनेशन प्रक्रिया में उन्हीं युवाओं को शामिल किया गया। जिनका स्लॉट बुक था।
जबकि 45 आयु वर्ग के लोगों के रेजिस्ट्रेशन के बाद बिना स्लॉट बुक किये ही वैक्सीन लगायी गई। वैक्सीनेशन सेंटर में टीका लेने के लिए युवा व युवतियों में काफी उत्साह देखा गया। काफी संख्या में युवा व युवती टीका लगाने के लिए पहुंचे थे। सुबह 10 बजे से टीका लगना शुरू होना था।
मगर सर्वर की समस्या व शुभारंभ के लिए प्रतिनिधियों के समय से न पहुंचने के चलते टीकाकरण में लेट लतीफी हुई। भीड़ इतनी थी कि युवा अपने नंबर का इंतजार कर रहे थे।
युवाओं में उमंग ऐसी थी कि शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं कर रहे थे। करनैलगंज सीएचसी अधीक्षक सुरेश चंद्रा के निर्देशन में टीकाकरण कार्य में आशा पांडेय, संध्या गुप्ता, बीसीपीएम संजय यादव, सीएचओ प्रियंका, अनुराधा जायसवाल, पूनम सिंह आदि शामिल रहीं।