गोंडा। मोबाइल फोन में एपीके फाइल डाउनलोड कराकर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से आईफोन और 3,170 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर उनके खातों से रकम निकालते थे। इसके बाद ठगी की रकम से महंगे सामान, आभूषण और फ्लाइट टिकट खरीदे जाते थे।
आवास विकास कॉलोनी निवासी राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव के मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड कराकर साइबर ठगों ने उनके खाते से 5.23 लाख रुपये निकाल लिए थे। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम से मेकमायट्रिप के माध्यम से विभिन्न पांच सितारा होटलों में बुकिंग कराई गई। कुछ रकम आईडीएफसी बैंक की ओर से डिजिटल रूप से जारी किए गए क्रेडिट कार्ड में सेटल की गई थी।
साइबर थाना प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि साइबर विशेषज्ञ मोहन यादव की टीम की शिकायत के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान गिरोह के सरगना राजस्थान के सीकर जिले के नीम का थाना सदर क्षेत्र के टोडा निवासी दीपक सिंह तंवर को गिरफ्तार किया गया।
ऐसे करते थे धोखाधड़ी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि गिरोह के सदस्य लोगों के मोबाइल में एपीके मालवेयर डाउनलोड कराकर उसका एक्सेस हासिल करते थे। इसके बाद अलग-अलग सिम कार्ड के जरिये डिजिटल बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम उनमें जमा कराई जाती थी। आरोपी के अनुसार, रकम को एफडी में बदलने के बाद उसके आधार पर लगभग उतनी ही राशि का डिजिटल क्रेडिट कार्ड हासिल किया जाता था।
इसके बाद क्रेडिट कार्ड से तनिष्क के आभूषण, फ्लाइट टिकट और अन्य महंगे सामान खरीदे जाते थे। खरीदारी के बाद क्रेडिट कार्ड बंद कराने का अनुरोध किया जाता था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने नाम से सिम कार्ड या बैंक खाता संचालित नहीं करता था।