गोंडा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की चर्चा के बीच कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बयान सामने आया है। कांग्रेस की ओर से गठबंधन में 150 से कम सीटों पर चुनाव नहीं लड़ने की बात पर दिल्ली में उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अखिलेश के बिना सब सूना है।
दरअसल, कांग्रेस ने गठबंधन के तहत कम से कम 150 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही थी। वहीं, सपा की ओर से सीटों के बजाय जिताऊ उम्मीदवारों को महत्व देने की बात कही जा रही है। ऐसे में बृजभूषण सिंह के बयान को लेकर गोंडा और आसपास के राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर अभी किसी भी नेता ने खुलकर अपनी बात नहीं कही है, लेकिन अंदर खाने में इस बयान को लेकर सुगबुगाहट चल रही है।